
ब्यूरो – रिपोर्ट
बुधवार दोपहर आर्मी कैंप झलोगी के पास एक हादसे में उत्तराखंड निवासी महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल है।
जानकारी के अनुसार एक ट्रक कुल्लू से मंडी की ओर तेज गति से जा रहा था, जिसने मनाली घूमकर आ रहे उत्तराखंड के दोपहिया सवार 2 पर्यटक जोड़ों को झलोगी के पास पीछे से टक्कर मार दी।
इस दौरान एक पर्यटक जोड़ा तो बाल-बाल बच गया, जबकि दूसरा घायल हो गया।
उत्तराखंड निवासी शक्ति रावत व उसकी पत्नी अनिसा रावत को घायलावस्था में सीएचसी नगवाईं ले जाया गया जहां तनु रावत को मृत घोषित कर दिया गया जबकि पति का इलाज चल रहा है। इसके अलावा इनके साथी गौरव रावत व निशा रावत सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से मंडी की तरफ फरार हो गया जोकि अभी तक पकड़ा नहीं गया है।
पुलिस ने महिला के शव को मंडी अस्पताल भेज दिया है, जहां पर पोस्टमार्टम के बाद वीरवार को इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जैसे ही यह हादसा हुआ तो कुछ पर्यटक वहां से गुजर रहे थे, जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है और जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
