ज्वाली – शिवू ठाकुर
विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के अंतर्गत पंचायत लाहडू के गांव बासा कुठेड़ा के बाशिंदे सड़क सुविधा से महरूम हैं। गांववासी अमित गुलेरिया, स्वर्ण सिंह, बकील सिंह, मुकेश कुमारी इत्यादि ने कहा कि हमारे गांव में करीबन 70-80 घर हैं तथा मार्ग खराब होने के कारण आवागमन करने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधीन कैहरियां-किम्मन-बासा कुठेड़ा मार्ग बनाया गया था लेकिन इसकी देखरेख न होने के कारण इसकी हालत खराब हो गई है। हमारे गांव में गैस की गाड़ी नहीं जा रही है तथा लोगों को सिर पर खाली सिलेंडर उठाकर एक किलोमीटर आना पड़ता है तब जाकर गैस सिलेंडर मिलता है।
मार्ग की हालत बदतर हो चुकी है तथा जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। सिर्फ वोटों की खातिर प्रयोग किया जाता है जबकि चुनाव जीतने के बाद किसी को भी हमारे गांव की याद नहीं आती है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मांग की है कि हमारे गांव को जोड़ने वाली सड़क की सुध ली जाए।
विभागीय सहायक अभियंता अंकित चौधरी के बोल
इस बारे में लोक निर्माण विभाग ज्वाली के सहायक अभियंता अंकित चौधरी ने कहा कि इसका स्टेटस देखा जाएगा तथा इस मार्ग की रिपेयर करवाइए जाएगी।

