ज्वाली – अनिल छांगू
विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के अधीन मिनीं हरिद्वार ज्वाली में 13-14 अप्रैल को आयोजित होने वाले दो दिवसीय जिला स्तरीय बैसाखी मेला को सफल बनाने के लिए एसडीएम ज्वाली विचित्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें जिला स्तरीय बैसाखी मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं नगर पंचायत ज्वाली के चेयरमैन राजिंदर राजू सहित समस्त विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया।
एसडीएम ज्वाली विचित्र सिंह ने जल शक्ति विभाग जवाली को मेले में पानी की व्यवस्था, बिजली विभाग को बिजली व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग को दंगल स्थल को समतल बनाने तथा स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग को मेला के दौरान टीम सहित मौजूद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को स्टेज निर्माण के लिए स्लीपर उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया।
एसडीएम विचित्र सिंह ने पुलिस को भी दो दिवसीय मेले में यातायात व्यवस्था बनाए रखने व मेले में गश्त लगाने के निर्देश दिए ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो। उन्होंने कहा कि जिस दिन महिलाओं का स्नान होगा, उस दिन पुल पर महिला पुलिस खड़ी की जाएगी तथा किसी को भी पुल पर खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
एसडीएम विचित्र सिंह ने कहा कि हार मैदान में पार्किंग स्थल बनाया गया है तथा किसी भी वाहन को सड़क किनारे खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
जिला स्तरीय बैसाखी मेला कमेटी के अध्यक्ष राजिंदर राजू ने कहा कि जिला स्तरीय बैसाखी मेले को बड़ी धूमधाम से करवाया जाएगा जिसमें नामी-गिरामी पहलवानों को आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल को निकी जेनी गुजरी फेम इशांत भारद्वाज, पंजाबी गायक डोनी राणा, अमन ठाकुर, इंदौरा की उभरती गायिका अक्षिता, रोहित बोहरा अपनी आवाज का जादू बिखरेंगे व 14 अप्रैल को रात्रि में इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा, रुनझुनुमा फेम मोहित गर्ग, पंजाबी बिरसा ग्रुप फगवाड़ा द्वारा दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर एसएचओ जवाली प्रीतम जरियाल, डॉक्टर आशुतोष सूदन, व्यापारी रविन्द्र कपिला, जेई अजय शर्मा, पार्षद जगपाल जग्गू इत्यादि मौजूद रहे।

