
ज्वाली – अनिल छांगु
लोक निर्माण विभाग ज्वाली के अधीन कैहरियां-किमन संपर्क मार्ग पर निकासी नालियों को बनाए एक साल का समय भी नहीं गुजरा कि बरसात की पहली ही बारिश से निकासी नालियां टूटने से सड़क धंस गई। जिस कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
नालियों के टूटने के कारण लोगों ने लोक निर्माण विभाग सहित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए हैं तथा इसकी शिकायत मुख्यमंत्री संकल्प सेवा 1100 पर भी की गई है। जिसका नंबर 726330 है।
शिकायतकर्ताओं दिलदार सिंह व समाजसेवी अमित गुलेरिया ने बताया कि ठेकेदार द्वारा इस कार्य मे घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। जिस कारण निकासी नाली टूटने से सड़क धंसी है। लाखों रुपए खर्च करने का कोई भी लाभ नहीं हुआ है।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि नोसिखिए ठेकेदारों से जब काम करवाया जाएगा तो यही हाल होगा। उन्होंने 1100 पर शिकायत करके मांग की है कि ठेकेदार के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए व इस कार्य को ठेकेदार से दोबारा करवाया जाए।
ठेकेदार से दोबारा बनवाई जाएगी निकासी नाली- जगतार सिंह।
इस बारे में लोक निर्माण विभाग ज्वाली के अधिशाषी अभियंता जगतार सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि ठेकेदार से इस कार्य को दोबारा करवाया जाएगा।
