
ज्वाली – अनिल छांगू
ज्वाली कांग्रेस में न तो संगठन नाम की कोई चीज है और न ही कोई भाजपा के खिलाफ कोई मुद्दा है। यह बात भाजपा मंडल ज्वाली के अध्यक्ष उत्तम धीमान ने प्रेसवार्ता में कही।
उत्तम धीमान ने कहा कि ज्वाली में एक परिवार ही अपने आपको कांग्रेस समझता है। उक्त परिवार ने कांग्रेस में होकर छत्रपति वर्चस्व कायम रखा। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के खिलाफ कांग्रेस युवाओं को भड़काकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवा अब कांग्रेस की चाल को समझ चुके हैं तथा अग्निवीर योजना के लिए भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी ज्वाली कांग्रेस ने ज्वाली में अग्निवीर योजना के विरोध में बैठक व रैली रखी थी लेकिन रैली में कोई भी युवा नहीं पहुंचा जिससे साफ जाहिर हो गया कि युवा अग्निवीर योजना के पक्ष में हैं।
उन्होंने कहा कि मात्र कांग्रेस के ही कुछेक लोग इसमें पहुंचे। उन्होंने कहा कि जो यह कहता है कि ज्वाली से कांग्रेस 15 हजार से जीतेगी लेकिन उनको यह पता होना चाहिए कि जो बैठक में 15 लोग एकत्रित नहीं कर सकते वो जीत कैसे दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जमीन से जुड़ी हुई पार्टी है तथा विकास के दम पर ही ज्वाली में भाजपा जीत हासिल करेगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश बाजवा, मंडल मीडिया प्रभारी राजेश्वर हैप्पी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, भाजयुमो अध्यक्ष अमित शर्मा इत्यादि मौजूद रहे।
