
सोलन – जीवन कुमार
सोलन शहर में चोरों के हौसले काफी बुलंद हैं। इसी का ही परिणाम है कि अब वे पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
चोर डीसी कार्यालय के परिसर में खड़ी गाड़ी से वायरलैस सैट के एंटीने को चुराकर ले गए। हालांकि यह एंटीना उनके किसी काम का नहीं है और इससे कोई नुक्सान भी नहीं हुआ लेकिन इस प्रकार की घटना से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।हालांकि इसे शरारत से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। घटना के सामने आने के बाद पता चला कि यहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।
ऐसा भी माना जा रहा है कि यह नशेड़ियों का भी काम हो सकता है क्योंकि डीसी कार्यालय में पार्किंग नशेड़ियों का अड्डा बनी हुई है। दोमंजिला इस पार्किंग में कर्मचारियों की कम और बाहरी लोगों की गाड़ियां ज्यादा खड़ी रहती हैं।
डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह किसी की शरारत भी हो सकती है। डीसी परिसर में खड़ी गाड़ी के साथ इस तरह की छेड़छाड़ करना गंभीर विषय है।
