
ऊना – अमित शर्मा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय में इन दिनों चोरों के हौंसले बेहद बुलंद दिख रहे हैं. यहां वार्ड 1 स्थित एक घर में चोरों ने 4 दिन के अंदर दूसरी बार हाथ साफ कर दिया और लाखों का सामान लेकर चलते बने.
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि घटना में करीब एक लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक इस घर की मालकिन मेघा ओहरी अपने परिवार के साथ होशियारपुर में रहती हैं. शनिवार को उनका बेटा किसी काम के चलते घर पहुंचा और घर आकर उसने अंदर सारा सामान बिखरा हुआ पाया.
वहीं घर की पिछली तरफ लगी ग्रिल टूटी हुई पाई. घर के सदस्य ने जांच करने पर काफी कीमती सामान चोरी होना पाया, जिसके संबंध में फौरन पुलिस को सूचना दी गई.
मामले की जानकारी मिलते ही सिटी पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहीं एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार धीमान भी घटना का जायजा लेने के लिए पहुंचे.
एएसपी ऊना ने कहा कि पुलिस मामले के संबंध में केस दर्ज करते हुए जांच में जुट गई है आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.
वहीं उन्होंने जिलावासियों से भी आह्वान किया कि पुलिस के साथ सहयोग करें ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकंजा कसा जा सके.
