
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
नगरोटा बगवां विकास खंड के कडाहपुरा गांव में एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लगने से हजारों रुपये का नुक़सान हो गया। यही नहीं साल भर का पशुओं का चारा भी राख हो गया।
पटियालकर पंचायत के पूर्व प्रधान संजू ने बताया कि विकास पुत्र नारों राम निवासी कडाहपुरा पोस्ट आफिस धलूं जो मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। बीती रात खेत में अचानक आग लगने से तीन कनाल भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। जिसमें करीब पांच क्विंटल गेहूं की पैदावार होती थी। कुल मिलाकर तीस हजार रुपये के नुक़सान का अनुमान है।
आग कैसे लगी इसका कोई अंदाजा नहीं है जब सुबह कटाई करने खेत में पहुंचे तो सब राख था। अब इस परिवार का साल भर का राशन व पशुओं का चारा नष्ट हो गया है। गरीब परिवार की इस घटना के बाद से चिंता बढ़ गई है। वहीं पटियालकर पंचायत की प्रधान रेशमा देवी ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित राहत देने की गुहार लगाई है।
