गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की पुनर्वास प्रक्रिया तेज, महाल बरसावलकड़ ने लोगों को दिया विकल्प
हिमखबर डेस्क
गगल एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तारीकरण के तहत प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में क्रैडल की टीम मंगलवार को इच्छी के महाल-बरसावलकड़ क्षेत्र में पहुंची और विस्थापित परिवारों से मिलकर सरकार द्वारा दिए गए पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन पैकेज के संबंध में उनकी सहमति प्राप्त की।
क्रैडल के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रंजीत ठाकुर ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार टीम प्रभावित परिवारों के घर-घर जाकर उनसे सरकार द्वारा प्रस्तावित दोनों विकल्पों के बारे में जानकारी दे रही है तथा उनकी सहमति दर्ज की जा रही है।
प्रभावित परिवारों के सामने पहला विकल्प 37 लाख रुपए े की पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन राहत राशि तथा दूसरा विकल्प आठ मरले जमीन के साथ 13 लाख 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता रखा गया है।
रंजीत ठाकुर ने बताया कि पहले दिन महाल-बरसावलकड़ क्षेत्र के 45 प्रभावित परिवारों से अब तक संपर्क किया जा चुका है। सभी परिवारों ने अपनी राय स्पष्ट रूप से रखते हुए जमीन के विकल्प को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
एक भी परिवार ने आठ मरले जमीन और 13.50 लाख रुपए वाले विकल्प के पक्ष में सहमति नहीं दी, जबकि सभी 45 परिवारों ने केवल 37 लाख रुपए की पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन राहत राशि लेने की इच्छा जताई है।
क्रैडल टीम ने प्रभावित लोगों की सहमति दर्ज कर संबंधित रिपोर्ट प्रशासन को सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा प्राप्त सहमति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के लिए पुनर्वास प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा सके।

