
खेल पंचायत के हरनेरा गांव में भूस्खलन से पांच मकान क्षतिग्रस्त, करोड़ों का नुकसान, पीड़ितों को राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरनेरा में किया जा रहा शिफ्ट।
जौंटा – शिबू ठाकुर
विस क्षेत्र नूरपुर के तहत पंचायत खेल के वार्ड नं-तीन बरियारा में भूस्खलन के कारण चार मकानों में दरारें आने से कर्म चंद पुत्र मिलखी राम, बलवीर सिंह पुत्र मिलखी राम, राज कुमार पुत्र कर्म चंद के पक्के मकानों तथा सत्या देवी व रमेश चंद के कच्चे मकानों में दरारें आने से मकान ही क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा उक्त परिवारों की जिंदगीभर की कमाई पलभर में मिट्टी हो गई है।
लोगों ने बताया कि शनिवार रात करीबन 9:40 बजे उन्हें मकानों की टाइलों के टूटने व जमीन के धंसने की आवाजें आने लगीं तथा इसी दौरान मकानों सहित जमीन में दरारें पड़ गईं।
जिसको देखकर सभी घरवाले भाग कर बाहर दूर निकल गए। देखते ही देखते मकानों में दरारें आ गईं तथा जमीन में भी भारी दरारें पड़ गईं। मकानों के अंदर रखा सारा सामान भी दब गया।
पंचायत प्रधान जगदेव सिंह ने मौका का जायजा लिया। इस बारे एसडीएम नूरपुर अनिल कुमार ने पूरी टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
एसडीएम नूरपुर अनिल कुमार के बोल
एसडीएम नूरपुर अनिल कुमार ने बताया कि मौका पर जाकर स्थिति को देखा है तथा लोगों को राजकीय प्राथमिक स्कूल हरनेरा में शिफ्ट किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही पीड़ित परिवारों को 15-15हजार रुपए की फौरी राहत मुहैया करवाई जा रही है तथा पटवारी को नुकसान का आंकलन बनाकर रिपोर्ट जल्द प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
