हिमख़बर डेस्क
ईरान की राजधानी तेहरान पर अमरीका-इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की भी मौत हो गई है। ईरानी मीडिया ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
शनिवार तडक़े हुए इन हमलों में श्री खामेनेई के सुरक्षा सलाहकार अली शमखानी और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) कमांडर मोहम्मद पाकपुर भी मारे गए हैं। श्री खामेनेई की बेटी, दामाद और नाती भी हमलों में मारे गए हैं।
ईरान में श्री खामेनेई की मौत के बाद 40 दिन की शोक अवधि का ऐलान किया गया है। खामेनेई की मौत की खबर आते ही ईरान की सडक़ों पर लोग मातम मनाते दिखे। लोगों ने ‘डेथ टू अमरीका’ और ‘डेथ टू इजराइल’ के नारे लगाए और जवाबी कार्रवाई की मांग की।
भारत में भी शिया समुदाय के लोग खामेनेई की मौत के विरोध में सडक़ों पर उतरे। श्रीनगर, लेह, लखनऊ, दिल्ली से प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आईं। हालांकि अमरीका और ईरान के कुछ इलाकों में लोगों ने इस खबर पर जश्न भी मनाया।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एक कड़े बयान में कहा है कि अली खामेनेई की हत्या को मुसलमानों के खिलाफ युद्ध की घोषणा के रूप में देखा जाएगा।
तेहरान इस घटना का बदला लेना अपना वैध अधिकार और कर्तव्य मानता है और इस कर्तव्य को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने खामेनेई के हत्यारों से बदला लेने की कसम खाई। आईआरजीसी ने कहा कि अमरीका और इजरायल के खिलाफ इतिहास का सबसे भयानक हमला किया जाएगा।
धमकी देने के कुछ ही देर बाद ईरान ने दुबई और कतर में हमला किया। इसमें मिडिल ईस्ट में अमरीकी बेस को निशाना बनाया गया। वहीं दुबई एयरपोर्ट पर भी ईरान ने भीषण हमले किए हैं। सिफ दुबई ही नहीं, बल्कि दोहा, बहरीन और जॉर्डन में भी ईरान लगातार हमले कर रहा है।
उधर, ईरान ने रविवार को अपनी मिसाइलों से इजरायल के कुल 27 ठिकानों को टारगेट किया, जिनमें राजधानी तेल अवीव के साथ आईडीएफ का हेड क्वार्टर भी शामिल रहा। मामला सिर्फ और सिर्फ बैलेस्टिक मिसाइलों तक ही नहीं रहा है।
रविवार को इजरायल की वायु सीमा के अंदर ईरान का विमान घुस गया। मतलब साफ है कि ईरान अब पीछे हटने वाला नहीं है।
उधर, खामेनेई की मौत के बाद ईरान द्वारा इजरायल पर की गई स्ट्राइक के जवाब में इजरायल ने एक बार फिर से ईरान पर 200 से ज्यादा विमानों के साथ हमला किया और ईरान में 500 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया।
हवाई हमलों से ईरान की राजधानी तेहरान में भारी विस्फोट हुआ, जिसके बाद आसमान में धुआं उठता देखा गया। इजरायली सेना ने दावा किया कि यह हमला तेहरान के दिल पर किया गया है।
तेहरान में कुल सात जगहों को निशाना बनाया गया है, जिसमें तेहरान एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र भी शामिल हैं। वीडियो में राजधानी के दो भवनों को हवाई हमलों में पूरी तरह नष्ट होते देखा जा सकता है। इन हमलों में तेहरान में 57 लोगों की मौत हो गई है।
ईरान ने अयातुल्लाह अलीरेज़ा अराफी बनाए अंतरिम सुप्रीम लीडर
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनई की मौत के बाद सीनियर धर्मगुरु अयातुल्लाह अलीरेज़ा अराफी को अंतरिम सुप्रीम लीडर बनाया गया है। अराफी अब अस्थायी नेतृत्व परिषद का हिस्सा हैं और नए सुप्रीम लीडर के चुने जाने तक देश की जिम्मेदारी संभालेंगे। ईरान के नियमों के मुताबिक, इस अंतरिम परिषद में राष्ट्रपति मसूद पजेशकियान, मुख्य न्यायाधीश घोलम-होसैन मोहसेनी-एजेई और गार्जियन काउंसिल का एक धर्मगुरु शामिल होता है। ये तीनों मिलकर इस बदलाव के समय में देश चलाएंगे।
मिडल ईस्ट में बोर्ड परीक्षाएं स्थगित
मिडल ईस्ट में बिगड़ते हालात के चलते सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) ने मिडल ईस्ट के देशों में दो मार्च से होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई के नाम शामिल हैं।
भारत में 350 फ्लाइट्स कैंसिल
मिडल-ईस्ट के बंद एयरस्पेस के चलते रविवार को भारतीय घरेलू एयरलाइंस की 350 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गईं। इससे यात्रियों को भरी असुविधा का सामना करना पड़ा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति लगातार ट्रेक करते रहें।
ईरान का दावा, चार बैलिस्टिक मिसाइलों से अमरीकी युद्धपोत पर बोल दिया हमला
सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद ईरान और खतरनाक हो गया है। उसने दावा किया है कि रविवार को उसने चार बैलिस्टिक मिसाइलों की मदद से अमरीकी युद्धपोत पर हमला बोला है।
अमरीकी युद्धपोत पर हमला करने के बाद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि हमने अमरीकी एयरक्राफ्ट कैरियर लिंकन को चार बैलिस्टिक मिसाइलों से टारगेट किया है।
गाड्र्स ने चेतावनी भी दी कि जमीन और समुद्र तेजी से आतंकवादी हमलावरों की कब्रगाह बनते जाएंगे। हालांकि अमरीका ने ईरान के मिसाइल हमले को असफल बताया है।
ट्रंप की फाइनल वॉर्निंग, ऐसा मजा चखाएंगे भूल नहीं पाओगे
खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने मिडिल ईस्ट में हमले तेज कर दिए हैं। इस पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दे दी है।
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा कि अब ईरान कोई भी हमला करने से पहले सौ बार सोच ले। बेहतर होगा कि वे ऐसा न करें, क्योंकि अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे, जो पहले कभी नहीं देखी गई।
पुतिन बोले, खामेनेई की हत्या अस्वीकार्य
रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने खामेनेई की मौत को एक निराशाजनक हत्या बताया है, जो मानव नैतिकता के सभी मानकों और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करती है। उन्होंने कहा कि यह कृत्य सबके लिए अनुचित और अस्वीकार्य है।
उत्तर कोरिया ने हमले को गैरकानूनी बताया
उत्तर कोरिया ने ईरान पर अमरीकी-इजरायली हमलों की निंदा करते हुए इसे ‘गैर-कानूनी हमला’ बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि युद्ध में अमरीका का शामिल होना उम्मीद के मुताबिक था। बयान में कहा गया है कि अमरीका और इजरायल का आक्रामक युद्ध किसी भी हालत में मंजूर नहीं है।

