
नालागढ़- सुभाष चंदेल
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत क्रिप्टो करंसी के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने जालसाजी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने करीब चार करोड़ की ठगी के आरोप जड़े है,पुलिस ने शिकायत के आधार पर 417, 418, 420, 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में बद्दी निवासी टेक चंद ने शिक ायत दर्ज करवाई कि कॉर्बिट क्वाइन कंपनी द्वारा बद्दी के करीब 40 लोगों के करोड़ों रुपए ठग लिए गए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे बद्दी के ही एक व्यकित ने पिछले साल छह माह में पैसे दुगने करने की बात कही,और कहा कि वे अगर पांच लाख 60 हजार रुपए लगाएंगे तो उसे प्रति सप्ताह 40 हजार रुपए मिलेेंगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार कोरबिट क्वाइन कंपनी के लिए काम कर रहे प्रतिनिधि के मुताबिक पांच लाख 60 हजार रुपए लगा दिए, जिसके बाद उसे करीब 1.50 लाख रुपए वापस भी आ गए। इस पैसे के लालच में आकर उसने अपने रिश्तेदारों के पैसे भी लगवा दिए, जिसके बाद भी करीब चार लाख रुपए वापस आ गए।
इसी लालच में प्रदीप सरकार, लाल बाबू, उमा दत्त, राकेश, अनिता कुमारी, राजीव शुक्ला, राजीव, रविंद्र सिंह, बबीता, सुनील कंसल, गोविंद कोशावर, अमित, सुरेंद्र, कुसुम, रणजीत कुमार, कुलदीप, अश्विनी सैनी, विकास पांडेय, निशा जानवाल गुप्ता, संजीव, नवीन शर्मा, नितिश मेघ सिंह, अनूप कुमार सिंह ने भी इस स्कीम में निवेश किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि बद्दी क्षेत्र के लोगों केकरीब चार करोड़ रुपए ठगे गए हैं। डीएसपी बददी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में टेक चंद की शिकायत पर अनुपम अग्रवाल व रमेश डोगरा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कंपनी प्रतिनिधि भी ठगा
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधि को इस बारे में बताया तो उसने कहा कि कंपनी का संचालक मोहमद हजीव व मुहम्मद अबास निवासी पंजाब हैं। इसका प्रोमोटर रमेश डोगरा है। वहीं बताया गया कि मुहम्मद हबीब और मुहम्मद अबास ने कंपनी को बंद कर दिया है, जिस कारण स्थानीय प्रतिनिधि के भी करीब 19 लाख संचालक व प्रोमोटर ने हड़प कर लिए।
