
लंज – निजी संवाददाता
उपमंडल काँगड़ा के अधीन गज खड्ड में जैसे ही क्रशर संचालकों द्वारा क्रशरों को चलाया जाता है तो खड्ड का पानी मटमैला हो जाता है। गज खड्ड किनारे लंज के समीप सिंबल बल्ला में क्रशर लगा हुआ है। जोकि नियमों को ताक पर रखकर चल रहा है।
क्रशर से निकलने वाले गंदे पानी को स्टोर करने के लिए टँकीयों का भी प्रावधान नहीं है तथा क्रशर के गंदे व जहरीले पानी को सीधे खड्ड के पानी में ही मिला दिया जाता है। क्रशर संचालक द्वारा सुबह से लेकर देर रात तक जेसीबी लगाकर सरेआम खनन किया जा रहा है।
जिससे सरकारी खजाने को चपत लग रही है। क्रशर की बजह से सारा दिन पानी मटमैला रहता है। क्रशर मालिक की मनमानी से गज खड्ड किनारे स्थित गांवों के लोग काफी परेशान होते हैं। क्रशर संचालक द्वारा क्रशरों का गंदा पानी भी टैंकों में छोड़ने की बजाए खड्ड के पानी में ही छोड़ दिया जाता है।
खड्ड का सीना छननी कर दिया गया है तथा काफी गहरे गड्ढे खोद रखे हैं। जिनके ऊपर प्रशासन-पुलिस व खनन विभाग द्वारा कोई कारगर कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाती है।
पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही क्रशर संचालकों को पता चल जाता है। जेसीबी से खुदाई करने पर खड्डों के पानी ने अपना रुख बदल लिया है तथा पेयजल स्कीमों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है।
बुद्धिजीवियों ने कहा कि मटमैला पानी होने के कारण उसका उपयोग पशुओं को पानी पिलाने में भी नहीं होता है। आवारा पशु भी इस खड्ड में पानी पीने के लिए आते हैं लेकिन मटमैला पानी होने के कारण प्यासे ही रह जाते हैं।
बुद्धिजीवियों ने कहा कि मात्र ट्रैक्टरों के ही चालान किए जाते हैं जबकि क्रशरों का चालान करने की हिम्मत नहीं की जाती है। भरूपलाहड़ पंचायत के बार्ड सदस्य शमी ने बताया कि क्रशर मालिक ने लंज पंचायत से एनओसी ली है लेकिन जेसीवी द्वारा भरूपलाहड़ पंचायत की जमीन में खनन किया जाता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह, जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल, एसपी कांगड़ा खुशहाल चंद शर्मा से मांग की है कि क्रशर मालिक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
जिलाधीश डॉ निपुण जिंदल के बोल
इस बारे में जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि एसडीएम सहित पुलिस को क्रशर मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा आगे भी खनन माफिया पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए जाएंगे।
एसपी कांगड़ा खुशहाल चंद शर्मा के बोल
इस बारे में एसपी कांगड़ा खुशहाल चंद शर्मा ने कहा कि पुलिस को खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं तथा क्रशरों के भी चालान किए जाते हैं।
