
हमीरपुर – अनिल कपलेश
भाजपा में जाने की अटकलों के बीच सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेद्र राणा ने बड़ी बात कही है। जो विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं, वह क्या सोचकर शामिल हुए हैं, यह तो वही जाने, लेकिन कांग्रेस 137 साल पुरानी पार्टी है।
पार्टी का प्लान है अगर ए प्लान मिस हो जाता है, तो पार्टी के पास प्लान बी है। इसलिए यदि एक विधानसभा क्षेत्र से कोई विधायक छोडक़र चला जाता है, तो वहां पर दस ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो विधायक बनने के काबिल हैं।
हिमाचल में हवा कांग्रेस के पक्ष में है। राजेंद्र राणा ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस पचास से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो बातें उड़ी हैं कि जो कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं, उनके साथ तीसरा नाम मेरा बताया जा रहा है और यह भी कहा जा रहा है मैं भी दिल्ली गया हूं।
मैं एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं पांच दिन से अपने विधानसभा क्षेत्र में हूं, जबसे मानसून सत्र समाप्त हुआ है, मैं अपने हल्के में ही मौजूद हूं। जो लोग सोशल मीडिया में मेरा नाम उछाल रहे हैं, वे लोग सुधर जाएं, वरना कोर्ट का रास्ता अपनाने से भी वह गुरेज नहीं करेंगे।
राजेंद्र राणा ने कहा कि व कांग्रेस के आदमी हैं और कांग्रेस को ही मजबूत करेंगे। राजेंद्र राणा ने दावा किया कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही दस दिन के भीतर कैबिनेट की मीटिंग होगी और कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने पर फैसला दिया जाएगा। सभी को पक्की नौकरी दी जाएगी और पेंशन के साथ दी जाएगी।
