
कोटला – स्वयंम
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को सुबह ही भाली के समीप फिल्मी स्टाइल से तीन कारों की एक-दूसरे के साथ टकराने की घटना घटित हुई। जिससे तीनों कारों को नुकसान हुआ है। जबकि कारों में बैठे किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह भाली के समीप तीन कारें पठानकोट की तरफ जा रही थीं कि उनके आगे एक बस चल रही थी। सबसे आगे वाली कार के चालक सुनेश महाजन ने बताया कि मेरे से आगे बस चल रही थी। बस चालक ने सवारी को बस में चढ़ाने के लिए ब्रेक मारी जिसके कारण मैंने भी ब्रेक मारकर कार की गति को धीमा किया।
इसी प्रकार मेरे पीछे चल रही कार के चालक ने भी ब्रेक मारकर कार की गति को धीमा किया। लेकिन उसके पीछे चल रही कार का चालक कार से संतुलन खो बैठा तथा अपने से आगे वाली कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिस कारण टक्कर लगने के बाद कार मेरी कार से टकरा गई। हालांकि तीनों ही कारों का नुकसान हुआ है।
इसके बाद पठानकोट-मंडी नेशनल हाइवे पर जाम लग गया तथा पुलिस ने मौका पर आकर जाम को खुलवाया व यातायात को बहाल करवाया। और तीनों कार चालकों का आपस में समझौता हो गया ।
