सीयू प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है। बदलाव की अधिसूचना सीयू प्रशासन ने वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। अधिसूचना के अनुसार शोध पात्रता परीक्षा अब 23 जुलाई को होगी।
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने 16 जुलाई को होने वाली शोध पात्रता परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है। अब परीक्षा 23 जुलाई को होगी। सीयू प्रशासन ने यह फैसला बारिश और भूस्खलन से सड़कें बंद होने की वजह से लिया है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय ने जून में 27 विभिन्न विषयों में पीएचडी की रिक्त सीटों के लिए आवेदन मांगे थे और प्रवेश परीक्षा 16 जुलाई रखी थी।
वहीं, इस दौरान सीयू प्रशासन के पास शोध पात्रता परीक्षा के लिए करीब 1,391 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। लेकिन अब सीयू प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है।
बदलाव की अधिसूचना सीयू प्रशासन ने वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। अधिसूचना के अनुसार शोध पात्रता परीक्षा अब 23 को होगी। शोध पात्रता परीक्षा का परिणाम 25 जुलाई के बजाय पहली अगस्त को घोषित किया जाएगा।
किस विषय में आए हैं कितने आवेदन
केंद्रीय विवि से मिली जानकारी के अनुसार 27 विषयों के लिए होने वाली इस शोध पात्रता परीक्षा के लिए जेएमसी में 33, न्यू मीडिया में सात, प्रबंधन में 88, पर्यावरण विज्ञान में 60, एजुकेशन में 55, अंग्रेजी में 85, हिंदी में 95, मीडिया में 78, केमिस्ट्री में 89, अर्थशास्त्र में 55, सोशियोलॉजी में 66 आवेदन आए हैं।
वहीं, हिस्ट्री में 73, पॉलिटिकल साइंस में 91, टूरिज्म में 56, योगा में 63, दीन दयाल उपाध्याय स्ट्डीज में 17 व जम्मू-कश्मीर स्ट्डीज में 12, संस्कृत में 56, कम्प्यूटेशन बायोलॉजी एवं बायो इंफॉर्मेटिक्स में 33, मैथ में 88, कंप्यूटर साइंस में 34, लाइब्रेरी साइंस में आठ और विजुअल आर्ट विषय में 14 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

