
देहरा – आशीष कुमार
आज केंद्रीय विद्यालय, नलेटी में अंबेडकर जयंती, बैसाखी तथा हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वाति अग्रवाल, प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय, नलेटी मुख्य अतिथि रही । कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया ।
इस अवसर पर कक्षा बारहवीं विज्ञान के छात्र ध्रुव शर्मा ने भाषण तथा कक्षा पांच की छात्रा वाणिका ने कविता के माध्यम से डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता, भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर सम्पूर्ण भारतीयों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
कार्यक्रम के संयोजक सी.पी. मीना (स्नात्तकोत्तर शिक्षक – हिंदी) ने डॉ भीमराव अंबेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते कहा कि -“बाबासाहेब अंबेडकर ने जिस आदर्श समाज एवम् सशक्त राष्ट्र निर्माण की कल्पना की थी उसके निर्माण में हम सब की भूमिका महत्वपूर्ण होनी चाहिए।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में नरेंद्र कुमार (स्नातकोत्तर शिक्षक – अंग्रेजी) ने बैसाखी तथा हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। जिसमें विद्यालय के बच्चों ने पंजाबी नृत्यों तथा हिमाचली लोकगीतों के माध्यम से वातावरण को खुशनुमा बना दिया।
कार्यक्रम के मध्य में भी नरेंद्र कुमार ने बच्चों को बैसाखी, हिमाचल दिवस, महावीर जयंती तथा गुड फ्राइडे की महत्ता बताई ।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य स्वाति अग्रवाल ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा बच्चों को आशीर्वचन दिए।
