
कुल्लू – आदित्य
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निजी बस अंजलि हादसे का शिकार हो गई है. हादसे में 7 महिलाओं सहित कुल 12 लोगों की मौत हुई है. 3 लोग घायल हैं, जिनका कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है.
फिलहाल, घटनास्थल पर मौजूद लोगों का गुस्सा भी फूटा है. युवाओं ने आरोप लगाया है कि रेस्क्यू और राहत बचाव में देरी हुई है. मौके पर एंबुलेंस भी देरी से पहुंची है. इस दौरान युवा उग्र हो गए थे और स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी के देरी से पहुंचने पर भी लोगों ने सवाल उठाए.
एक युवक ने कहा कि सुबह से कहा जा रहा है कि एंबुलेंस आ रही है, लेकिन काफी वक्त के बाद भी कोई एंबुलेंस नहीं पहुंची है. जबकि प्रशासन ने लिखित जानकारी में बताया है कि तीन एंबुलेंस मौके पर भेजी गई है.
साथ ही गुस्साए युवकों ने कहा कि विधायक वोट मांगने के लिए तो बड़ी जल्दी पहुंच जाते हैं, लेकिन हादसे के बाद अब तक नहीं आए. इस दौरान लोगों ने विधायक के समर्थकों को जमकर खरी खोटी सुनाई है.
जानकारी के अनुसार कुल्लू जिले के सैंजघाटी में एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई और इसमें सवार 12 लोगों की मौत हो गई. हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं, जिनका कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसे में मारे गए 12 लोगों की पहचान हो गई है. इनमें मां-बेटे के अलावा एक बिहारी शख्स की मौत हुई है. कंडक्टर-ड्राइवर हादसे में घायल हैं.
जानकारी के अनुसार, शैंशर से औट जा रही यह बस करीब साढ़े आठ बजे सैंजघाटी के जांगला में हादसे का शिकार हो गई. हादसे में मारे गए लोगों में तनु, प्रेम चंद पुत्र, फतेह चंद, अनीता सुशील, पार्वती, (सभी तुंग घाटी शैंशर के रहने वाले), खीम दासी, रियाहड़ा गांव (शैंशर), रोशो देवी गांव सेरी काट, अमित कुमार, जामरा, सहरसा, बिहार, और नेपाल के मां-बेटे आकाश और राखी की मौत हुई है.
घायलों में 33 साल का बस ड्राइवर महेंद्र कुमार, संजीव कुमार और कंडक्टर गोपाल (40) है. गोपाल ने कुल्लू अस्पताल के बाहर मीडियो को बताया कि मिट्टी में स्लिप होने से बस लुढ़कते हुए नीचे गिरी है. गोपाल के सिर और पैरों में चोट लगी है.
