
धर्मशाला – राजीव जसवाल
पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में जिला कांगड़ा युवा कांग्रेस की क्रमिक भूख हड़ताल 9 दिन से जारी है। युवा कांग्रेस ने बुधवार को जिलाध्यक्ष पंकज कुमार पंकु के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश पुलिस के डीजीपी संजय कुंडू का पुतला जलाया।
इस दौरान युकां पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष पंकज कुमार पंकु ने कहा कि इस मामले में प्रदेश पुलिस के मुखिया संजय कुंडू की जवाबदेही बनती है, ऐसे में उन्हें पद से हटाकर मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
जिलाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि पेपर लीक मामला हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा है, लेकिन सरकार इस मामले की जांच में गंभीर नहीं है।
युकां लगातार डीजीपी के इस्तीफे की मांग कर रही है, लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युकां ऐसा नहीं होने देगी और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाकर ही दम लेगी।
इस दौरान युकां कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार पुलिस भर्ती मामले में निष्पक्ष जांच करे, अन्यथा युकां और भी उग्र प्रदर्शन के लिए मजबूर होगी।
