
कांगड़ा – राजीव जसवाल
गगल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए किसी भी सूरत में इलाके के हजारों ग्रामीणों दुकानदारों व किसानों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। हिमाचल में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मंडी में बन बन रहा है इस कारण गगल एयरपोर्ट में विस्तारीकरण का कोई तुक ही नहीं बनता।
यह बात आज गगल में चल रहे श्री गणेश उत्सव में गणपति जी का आशीर्वाद लेने आए कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कुछ समय पहले शिमला में योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने सुझाव दिया है कि गगल एयरपोर्ट को विस्तार न करके फ्लाइंग स्कूल बनाया जाए, जिसमें विमान पायलट तैयार किए जाएं।
उन्होंने कहा गगल एयरपोर्ट के विस्तार की जगह बौड़क्वालु में बड़े एयरपोर्ट का निर्माण किया जाए, जिससे न तो कोई आबादी उजड़ेगी। बौड़क्वालु में एयरपोर्ट बनाने से चंगर इलाका विकसित होगा तथा गगल एयरपोर्ट के विस्तार से गांव स्नोरा, रच्छयालु, कुठमां, इच्छी, गग्गल, सहोड़ा, मटौर आदि के हजारों लोग उजड़ने से बच जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर सरकार एयरपोर्ट का विस्तार करना चाहती है, वह घनी आबादी वाली होने के साथ-साथ हजारों कनाल भूमि खेती और सब्जी तथा फल उत्पादन के लिए अनमोल उपजाऊ है इसलिए एयरपोर्ट का विस्तार किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
विधायक पवन काजल हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। ऐसे में उन्होंने कुछ दिन बाद ही गगल व कांगड़ा के ज्वलंत मुद्दे को लेकर बड़ा बयान दिया है। इस बयान से गगल के आसपास के लोगों ने जरूर राहत की सांस ली है। लेकिन एयरपोर्ट विस्तार से विकास की राह देख रहे लोगों की उम्मीदों काे झटका लगा है। कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की पैमाइश भी हो चुकी है।
