
फतेहपुर, अनिल शर्मा
जिला काँगड़ा के पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत पड़ती पुलिस चौकी रे के समीप ब्यास नदी में युवक का शव बरामद हुआ है।पुलिस चौकी को जैसे ही इस संबंध में सूचना मिली रे पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार अपने दल-बल सहित मौके पर पहुंचे और पाया कि एक शव पानी में तैर रहा है।
स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि ब्यास नदी में नजदीकी पंजाब व हिमाचल क्षेत्र के दर्जनों युवक ब्यास के किनारे नहाते व कई बार शराब के नशे में हुड़दंगबाजी करते नजर आते हैं।
शव की पहचान आकाशदीप पुत्र चमन लाल आयु 20 वर्ष निवासी मक्कोवाल तहसील दसुआ पंजाब के रूप में हुई है, जोकि पिछले कुछ दिन से लापता था। उक्त शव की शिनाख्त मौके पर पहुंचे आकाशदीप के परिजनों व रिश्तेदारों ने की। घटनास्थल के पास मौके पर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। उक्त युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट पंजाब के तलवाड़ा थाना में दर्ज है, जोकि 9 तारीख से लापता बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी फतेहपुर सुरेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया व पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। जैसे ही इसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आती है उचित तहकीकात करके मामले पर भावी अनुसंधान कर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
