परीक्षा केंद्रों में परीक्षा संचालन के लिए उठाए गए हैं प्रभावी कदम
धर्मशाला, 02 मार्च – हिमखबर डेस्क
जिला कांगड़ा मंें कल से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत उपायुक्त कांगड़ा द्वारा समस्त संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षा केंद्रों को निर्देश जारी किए गए हैं कि परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाई जाएं।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड तथा प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी व्यवस्था, इंटरनेट सुविधा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा तथा अनुचित साधनों की रोकथाम हेतु प्रभावी प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी को परीक्षा संबंधी किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में संपर्क करने हेतु अधिकृत किया गया है। किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा अनियमितता की जानकारी तत्काल नोडल अधिकारी के माध्यम से संबंधित प्राधिकरण तक पहुंचाई जा सकती है।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक उपमंडल स्तर पर संबंधित उपमंडल अधिकारियों द्वारा उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन सुनिश्चित करेगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा संबंधित अधिकारी निरंतर निगरानी रखेंगे ताकि पूरे जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण बना रहे।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को नैतिक समर्थन प्रदान करें, उन पर अनावश्यक दबाव न डालें तथा उन्हें शांत एवं सकारात्म वातावरण उपलब्ध कराएं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ईमानदारी एवं परिश्रम के बल पर परीक्षा दें और अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों। जिला प्रशासन विद्यार्थियों के साथ है और उनकी सफलता के लिए प्रतिबद्ध है।

