
शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करेगी।
इस चार्जशीट में मुख्यमंत्री कार्यालय सहित अन्य कैबिनेट मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस चार्जशीट को करीब दो माह पहले पूरा कर दिया था, लेकिन चुनावी प्रचार जब चरम पर पहुंच गया है तब इसे जारी किया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि जयराम सरकार के पांच साल के कार्यकाल में विभिन्न विभागों में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ अपनी चार्जशीट शनिवार को सार्वजनिक करेगी। कांग्रेस के सूत्रों की मानें तो चार्जशीट में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत उनके 10 मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दावा किया जा रहा है कि चार्जशीट में इन आरोपों से जुड़े सबूत भी हैं। जल शक्ति विभाग, उद्योग, लोक निर्माण विभाग स्वास्थ्य, पुलिस विभाग, स्मार्ट सिटी के काम और कई भाजपा विधायकों पर भी गड़बड़ी के लगाए गए हैं। इनके अलावा सरकार के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ अन्य के नाम भी शामिल हो सकते हैं।
जल शक्ति विभाग में ज्यादा भ्रष्टाचार के आरोप
कांग्रेस ने चार्जशीट में जल शक्ति विभाग पर करोड़ों रुपये के ठेके दो-तीन कंपनियों को देने के आरोप लगाए हैं। दावा किया जा रहा है कि टेंडर में मनमाने रेट कंपनियों को देकर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। पूर्व में चार्जशीट राज्यपाल को सौंपने का प्लान था, लेकिन अब ऐसा कोई प्लान नहीं है।
शनिवार को मीडिया के सामने रखेंगे चार्जशीट : अलका
एआइसीसी प्रवक्ता एवं हिमाचल मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने बताया कि चार्जशीट को कल सार्वजनिक करने के बाद पार्टी इसे लोगों के बीच ले जाएगी।
इस तरह के लगे हैं आरोप
जल शक्ति विभाग में हुई गड़बड़ियों, भाई-भतीजावाद, टेंडरों की आड़ में भ्रष्टाचार और नौकरियां रेवड़ियों की तरह बांटने जैसे आरोप लगाए गए हैं। अन्य विभागों में भी चहेतों और नेताओं के करीबियों को नौकरी देने का आरोप है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों की आड़ में हुए घपले, मंत्री और भाजपा विधायकों के नाम भी चार्जशीट में जोड़े गए हैं।
