70 फीसदी कांगड़ा हवाईअड्डा प्रभावितों को नोटिस, लोगों को पत्र जारी कर दी जा रही भूमि अधिगृहीत करने की सूचना
हिमखबर डेस्क
प्रदेश की सबसे बड़ी एवं महत्त्वाकांक्षी परियोजना कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए करीब 70 फीसदी प्रभावितों के नोटिस जारी कर दिए गए हैं। प्रभावितों को इस नोटिस के माध्यम से सूचना दी जा रही है कि सरकार हवाईअड्डे के लिए उनकी भूमि को एक्वायर करने जा रही है। इसके एवज में उन्हें उनकी भूमि, भवन या पेड़ पौधा का मुआवजा भी मिलेगा।
इसके बावजूद किसी को अपनी भूमि, भवन या अन्य किसी पहलू को लेकर स्पष्टता न हो, तो वे लैंड कलेक्टर के पास 30 दिन के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा का कहना है कि करीब 70 फीसदी प्रभावितों को नोटिस भेज दिए हैं। जल्द ही आगामी प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।
नोटिस सर्व होने के लोग एक माह बाद आपत्तियों या दावों को लेकर लैंड कलेक्टर सरकार को रिपोर्ट कर सकते हैं। इस सारी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही अवार्ड बनाने का काम शुरू होगा। इसके बाद जाना जाएगा कि प्रभावित लोग वन टाइम सेटलमेंट चाहते हैं या दूसरी व्यवस्था में जाना चाहते हैं। प्रभावितों को प्लॉट लेने और स्वयं भूमि लेकर बसने की पूरी छूट रहेगी। प्रभावित व्यक्ति प्लॉट भी ले सकते हैं या इसके एवज में दी जाने वाली राशि भी ले सकते हैं।

ड्राफ्ट तैयार, ऐसा है विस्थापितों को बसाने का प्लान
एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर प्रदेश सरकार ने पूरा ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। प्रदेश सरकार की ओर से तमाम औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। विस्तारीकरण की जद में आने वाले विस्थापितों को बसाने के लिए आठ-आठ मरले का प्लॉट दिया जाएगा। विस्थापितों के लिए आठ मरले का प्लॉट आबंटन का काम हिमुडा को सौंपा जाएगा।
प्रदेश सरकार ने लोगों को जमीन या एकमुश्त मुआवजे का ऑप्शन भी दे रखा है। यानी जो विस्थापित परिवार जमीन लेना चाहेगा, उसे आठ मरले जमीन दी जाएगी। यदि कोई परिवार एकमुश्त मुआवजा मांगेगा, तो उसे मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने शाहपुर, कांगड़ा और धर्मशाला मुहाल में करीब 547 कनाल भूमि का चयन कर लिया गया है। हालांकि प्रभावित परिवार एकमुश्त मुआवजा भी ले सकते हैं।
एयरपोर्ट विस्तार से विस्थापित होंगे 1200 परिवार
एयरपोर्ट विस्तारीकरण के चलते करीब 1200 परिवार विस्थापित होंगे। इससे जहां यहां पर फ्लाइट् की संख्या बढऩ़े से किराया भी घटेगा, वहीं सैलानियों की आमद बढऩे से रोजगार के अवसर भी बढेंगे। विस्तार के लिए 14 गांवों से करीब 1200 परिवारों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस विस्तारीकरण की जद में करीब 938 मकान और 594 के करीब दुकानें आएंगी।
इसके अलावा कुछ अन्य भवन और दुकानें भी हैं, जो सरकारी भूमि पर बने हैं। एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा के तहत बाग, बल्ला, बरस्वालकड़, भेड़ी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, मुगरेहड़, सहौड़ा और सनौरा गांव आएंगे। इसके अलावा शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत रछियालु, जुगेहड़, भड़ोत और कियोडिय़ां गांव इसकी जद में आएंगे।

