
पालमपुर – बर्फू
पंचरुखी ब्लाक के तहत गदियाडा पंचायत के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलियणा परिसर की चारदीवारी के भीतर स्कूली बच्चों के लिए बना खेल मैदान, तालाब बनकर रह गया है। आलम यह है कि मैदान के भीतर बड़े-बड़े पत्थर और मैदान का एक हिस्सा तालाब बनकर रह गया है। लेकिन सरकार के खेलों को बढावा देने और छात्र छात्राओं को खेल सुविधाओं के दावे हकीकत में हवा नजर आते हैं।
गौरतलब है कि सलियाणा स्कूल के खेल मैदान में बास्केटबाल स्थल बनाने के लिए सरकार ने दस लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाई थी और इसका टेंडर करने के बाद लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को काम भी अवार्ड कर दिया। कार्य जनवरी, 2019 में शुरू भी हो गया।
ठेकेदार ने मैदान के हिस्से की खुदाई भी करवा दी और पत्थर भी फेंक दिए, लेकिन जयसिंहपुर विधानसभा के ठेकेदार विधायक रविंद्र धीमान से शिकायत करने लगे कि काम जयसिंहपुर विधानसभा का ठेकेदार ही करेगा न की पालमपुर का तो मैदान के निर्माण कार्य को राजनीतिक बलि चढ़ा दिया गया और कोरोना काल आ गया।
सभी व्यवस्था ठप हो गई। समय बीतता गया, लेकिन सलियाणा स्कूल के खेल मैदान का काम शुरू नहीं हो पाया। हालांकि ठेकेदार ने जो पत्थर फेंके थे, वे मैदान के बीचोंबीच पड़े हैं और बरसात में खोदी गई जगह तालाब बन चुकी है। इस कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को खेलने में दिक्कतें पेश आ रही है जबकि अब मैदान का पैसा भी लैप्स हो चुका है और ठेकेदार को भी कुछ हानि उठानी पड़ी है।
अब बात चाहे जो भी हो, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी काम आधा अधूरा ज्यों का त्यों पड़ा हुआ है। अब स्थानीय जनता की मानें तो लोगों में रोष पनपने लगा है कि स्कूल के मैदान का सुधारीकरण होना चाहिए, ताकि बच्चे खेल सकें और बुजुर्ग सुबह व शाम की सैर कर सकें।
15 लाख रुपये हैं मैदान के लिए मंजूर
सलियाणा स्कूल की प्रिंसिपल शबनम शर्मा ने बताया कि पिछला काम क्यों रुका पउ़ा रहा। बजट का क्या हुआ ये उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन अभी पुनः 15 लाख रुपये की धनराशि पंचरुखी ब्लाक के माध्यम से स्कूल के खेल मैदान के लिए स्वीकृत हुई है। बास्केटबाल व वालीबाल मैदान, ओपन जिम आदि आदि बनेगा और काम पंचरुखी ब्लाक के तहत होगा।
