हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स को लेकर गहराए विवाद के बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में कहा कि सरकार पहले जैसी स्थित बहाल करेगी।
सीएम ने विपक्ष के लगातार विरोध पर कहा कि हमारी सरकार ने सब तरह की फीस मिलाकर टोल टैक्स को फास्टैग से जोड़ा था।
सीएम ने कहा कि अब सरकार पहले की तरह अलग-अलग फीस लेगी। सीएम ने कहा कि टोल टैक्स और एंट्री फीस पर भ्रम फैलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार जल्द इस पर स्थिति स्पष्ट करेगी।
कार और 12 सीटर वाहन का पुराना प्रवेश शुल्क लगेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि टोल टैक्स को लेकर दोबारा से समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि 5 सीटर कार और 6 से 12 सीटर का अब पुराना ही शुल्क दो दरों में लिया जाएगा। पांच सीटर कार का 70 रुपए, जबकि 6 से 12 सीटर वाहन के 110 रुपए लगेंगे।
छह टायर ट्रक के लगेंगे 320 रुपए
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि 6 टायर ट्रक का शुल्क 320 रुपए ही रखा गया है, जबकि 10 से 14 टायर डबल एक्सल का 570 रुपए ही निर्धारित किया गया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री से करेंगे बात
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एंट्री टैक्स को लेकर हो रहे चहुं-तरफा विरोध को लेकर कहा कि सरकार द्वारा इस संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री से भगवंत मान से इस विषय पर स्वयं बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह एंट्री टैक्स 12 चक्का गाड़ी पर बढ़ाया गया है, जो केवल 40 रुपए तक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह बड़े टायर वाली गाडिय़ों पर ही बढ़ेगा। इस संबंध में विधायक रणधीर शर्मा ने शून्यकाल के दौरान सरकार द्वारा पहली अप्रैल से प्रदेश में बढ़ाए जा रहे एंट्री टैक्स लगी से संबंधित सवाल उठाया था।
उन्होंने कहा कि इस एंट्री का बोझ ना केवल आम लोगों पर पड़ेगा बल्कि इस मामले में पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर भी परेशानी बढ़ सकती हैै और इसके दूरगामी परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह एंट्री टैक्स बहुत ज्यादा है।

