आग की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवती घायल, PGI रैफर
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
रसोई घर में काम करते समय अचानक आग की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवती घायल हो गई। गंभीर हालत में युवती को पीजीआई रैफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मिश्रवाला की एक युवती रुखसार (23) पुत्री अलीशेर घर की सफाई कर रही थी। इस दौरान रसोई की सफाई करते वक्त शेल्फ पर रखा थिनर अचानक गिर गया। काम में जुटी युवती ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
इस बीच जैसे ही रसोई की सफाई के बाद युवती ने गैस जलाई, आग भड़क गई। युवती के चीखने चिल्लाने पर परिजन पहुंच गए। उन्होंने युवती को आग की लपटों से बचाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन युवती काफी जल चुकी थी।
इसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर कर दिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज से उसे गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

