
ऊना-अमित शर्मा
ज़िला ऊना मुख्यालय पर अल सुबह एक अनियंत्रित कार पंजाब नेशनल बैंक के भवन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैंक की दीवार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अल सुबह एक पंजाब नम्बर की कार ऊना सचिवालय के पास से तेजी से गुजरी और तीखा मोड़ न काट पाने के कारण सामने पंजाब नेशनल बैंक के भवन से जा टकराई। भवन की दीवार टूट गई है और दीवार में एक बहुत बडा छेद हो गया है।
इस दुर्घटना में आनंदपुर पंजाब के लखविंदर सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह, गौरव पुत्र रवि कुमार और अमरदीप पुत्र गुरपाल सिंह सभी निवासी गंभीर रूप से दुर्घटना में घायल हो गए। घटना की सूचना इन्होंने अपने स्वजनों को दी और इन्हें उपचार के लिए इनके स्वजन आनंदपुर में ही ले गए।
इस मामले की शिकायत पंजाब नेशनल बैंक ने पुलिस में कर दी है और अपने नुकसान का आकलन करके पुलिस को दिया गया है। पुलिस ने बैंक प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
