अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतकवीर मतदाताओं का सम्मान
मंडी, 1 अक्तूबर – अजय सूर्या
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मंडी सदर उपमंडल प्रशासन ने सौ साल और उससे अधिक आयु के मतदाताओं को सम्मानित किया।
एसडीएम ओम कांत ठाकुर ने बताया कि रविवार को बूथ स्तरीय अधिकारियों ने घर-घर जा कर 100 वर्ष तथा उससे अधिक आयु के वृद्ध नागरिकों को सम्मानित किया।
इस दौरान भारत को एक मजबूत लोकतंत्र बनाने में उनकी भूमिका के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया ।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर 100 वर्ष से अधिक की आयु के मतदाताओं को किया सम्मान्नित
इसके साथ करसोग विधानसभा क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं, विशेषकर 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं के लिये सम्मान समारोह आयोजित किये गये।
इस अवसर सम्बन्धित मतदान केन्द्र के बूथ स्तर अधिकारियों नें वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के घर जाकर उन्हें मुख्य निर्वाचन आयुक्त की ओर से बधाई और भावी सुखद जीवन की शुभकामनाओं के साथ टोपी व शॉल आदि पहनाकर सम्मानित किया।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं कार्यकारी उप-मण्डलाधिकारी (ना.) कैलाश कौंण्डल नें जानकारी दी कि करसोग विधासभा क्षेत्र में 100 वर्ष से अधिक की आयु के नौ मतदाता पंजीकृत हैं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की धरोहर हैं। उनके लंबे अनुभव से समाज को सही दिशा मिलती रहती है। लोकतंत्र में उनकी सहभागिता बहुत महत्वपूर्ण है।
भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि वरिष्ठ नागरिक स्वयं को लोकतंत्र की कड़ी मानें और उनके आत्मसम्मान में वृद्धि हो, ताकि वे पूरे मनोयोग से निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता निभा सकें।

