
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने हाल ही में यात्रियों की सुविधा के लिए नई डीलक्स व सामान्य बसों को उतारा है। खास बात यह है कि “हिमधारा” सेवा के तहत यात्रियों को लंबे रूट पर सस्ती एसी डीलक्स सेवा भी उपलब्ध करवाई गई है, लेकिन इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
निगम के एक चालक द्वारा नई बस में तोड़फोड़ व प्लास्टिक की बोतल में पेशाब तक करने की कड़वी तस्वीरों को दिखाया है। चालक की वीडियो अपील वास्तव में ही आईना दिखाने वाली है।
फिलहाल पुख्ता तौर पता नहीं चल रहा है कि ये वीडियो निगम के किस डिपो से जुड़ा है, लेकिन बताया जा रहा है कि वीडियो रामपुर डिपो से सामने आया है। इसमें साफ तौर पर दिखाया गया है कि मोबाइल चार्जिंग के लिए जो प्वाइंट लगाए गए थे, उन्हें यात्रियों ने बेरहमी से तोड़ दिया है।
बसों को चले एक महीना भी नहीं हुआ है, इसी बीच सफर करने वाले एक यात्री ने हद ही कर दी। यात्री ने चलती बस में प्लास्टिक की बोतल में पहले पेशाब किया, फिर बोतल को बस में ही फैंक दिया। वीडियो बनाने वाले चालक का ये भी कहना था कि शौच की इमरजेंसी में बस को रोका भी जा सकता है।
अपील का असर यात्रियों पर पड़ेगा या नहीं, इस बात की तो कोई गारंटी नहीं है, लेकिन इतना जरूर है कि यात्रा के दौरान यात्रियों को बसों की चौकीदारी भी खुद करनी होगी। उसी सूरत में बस के भीतर सुविधाएं लंबे समय तक उपलब्ध रहेगी।
मसलन, अगर बस में बैठा पैसेंजर यह देखता है कि बस में उपलब्ध सुविधाओं से छेड़छाड़ की जा रही है, तो तुरंत इसकी सूचना निगम के बस में मौजूद चालक व परिचालक को देनी चाहिए या फिर शिकायत कक्ष में इसकी जानकारी दी जानी चाहिए।
हमेशा ही बस में मौजूद चालक व परिचालक द्वारा हरेक पैसेंजर पर नजर नहीं रखी जा सकती। सीट पर बैठा यात्री अपने साथी पैसेंजर की हरकतों को आसानी से वॉच कर सकता है। कुल मिलाकर अगर आप किसी को ऐसा कुछ करते देखे तो रोकने की हिम्मत अवश्य ही जुटाए, अन्यथा नियमित तौर पर सफर करने वालों को ही इन सुविधाओं से हाथ धोना पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक यह वीडियो रामपुर डिपो का हो सकता है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं है।
इसी बीच एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि अगर बसों के भीतर उपलब्ध सुविधाओं से छेड़छाड़ करने वाले यात्रियों का पता चलता है तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रबंध निदेशक ने कहा कि परिचालक द्वारा जागरूकता के लिए एक अच्छा कदम उठाया गया है।
