मंडी – अजय सूर्या
पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वकांक्षी सीसीटीएनएस यानी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम की रैंकिंग में सदर पुलिस थाना मंडी ने हैट्रिक लगाई है। यह थाना लगातार तीसरी बार इस रैंकिंग में पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर आंका गया है। सोलन थाना दूसरे तो शिमला वेस्ट थाना तीसरे स्थान पर आंका गया है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा के बोल
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने इसके लिए पूरे थाना प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस का कार्य देख रही महिला आरक्षी शांति, इंद्रा और भावना द्वारा इसका बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। इनके द्वारा थाने की रोजाना की हर तरह की कार्यप्रणाली की जानकारी सीसीटीएनएस पर समय पर अपलोड की जाती है। भविष्य में भी यही प्रयास रहेगा कि थाना को मिली रैंकिंग को बरकरार रखा जाए। बता दें कि यह सारा कार्य सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देश राज के नेतृत्व में किया जा रहा है।
वहीं, महिला थानों की बात करें तो उसमें मंडी जिला का महिला थाना पूरे प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा है। पहले स्थान पर महिला थाना कुल्लू जबकि दूसरे स्थान पर महिला थाना सिरमौर ने बाजी मारी है। एसपी मंडी ने महिला थाना की टीम को भी बधाई दी और भविष्य में इस रैंकिंग को और आगे ले जाने की उम्मीद जताई।
प्रदेश में हैं 126 पुलिस थाने
बता दें कि सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रदेश भर में लगातार तीसरी बार पहला स्थान हासिल करना कोई छोटी बात नहीं है। प्रदेश में थानों की संख्या 126 है। इनमें से बहुत से थाने ऐसे हैं जो बेहतरीन सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन उनसे आगे निकलकर लगातार तीसरी बार पहले रैंक पर बने रहना, अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
बता दें कि सीसीटीएनएस (CCTNS) के तहत हर तीन महीनों में थानों की स्थिति, भवन, पुलिस जवानों की तैनाती, कार्यप्रणाली, आम जनता से बर्ताव और मामलों को सुलझाने संबंधी सहित अन्य प्रकार की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाती है। मौजूदा समय में सदर थाना मंडी की टीम थाना प्रभारी देशराज के नेतृत्व में बेहतरीन कार्य कर रही है।

