शिव बावड़ी मंदिर में भूस्खलन से मलबे में दबे सभी लापता लोगों के शव मिल गए हैं। इसके साथ ही साथ ही सर्च ऑपरेशन भी खत्म हो गया है।
शिमला – नितिश पठानियां
राजधानी शिमला के समरहिल क्षेत्र में शिव बावड़ी मंदिर में हुई त्रासदी के 11वें दिन वीरवार को तीन और शव मिले हैं। इसी के साथ अब तक लापता सभी 20 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों की पहचान, नीरज, समायरा और पवन के तौर पर हुई है।

तीनों शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नाले से बरामद किए गए हैं। जेसीबी और पोकलेन मशीन से बड़े पत्थरों को हटाया गया और इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम ने खुदाई करके शवों को मलबे से बाहर निकाला।

पुलिस के पास मलबे में दबे 20 लोगों की रिपोर्ट थी। तहसीलदार शहरी एचएल गेजटा ने बताया कि सभी लापता लोगों के शव मिल गए हैं। सभी शव बरामद होने के साथ ही सर्च ऑपरेशन भी खत्म हो गया है।

