
परागपुर – आशीष कुमार
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में सोमवार के दिन संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया।
जिसमें बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह प्रांत संयोजक ओम प्रकाश शामिल हुए।कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर के निदेशक प्रो मदनमोहन पाठक ने की।कार्यक्रम के संयोजक एवं परिसर के वेदांत विभागाध्यक्ष डॉ मंजूनाथ भट्ट ने बताया कि संस्कृत सप्ताह का कार्यक्रम आगामी एक सप्ताह तक चलेगा,जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सोमवार के दिन हुए कार्यक्रम में मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत देवी देवताओं की भाषा है तभी सारे मंत्रों का उच्चारण संस्कृत भाषा में किया जाता है।उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ने जहां संस्कृत को दूसरी भाषा का दर्जा प्रदान किया है वहीं प्रदेश सरकार भी संस्कृत के उत्थान के लिए कृत्संकल्प है।
अपने अध्यक्षीय भाषण में परिसर के निदेशक प्रो मदनमोहन पाठक ने संस्कृत को समस्त भाषाओं की जननी बताया।इस समस्त कार्यक्रम का संचालन परिसर के व्याकरण विभागाध्यक्ष डॉ श्रीनाथ धर द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर बी. एड. के छात्र छात्राओं सहित प्राक शास्त्री कक्षा के छात्र छात्राएं व परिसर के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
