
मंडी – डॉली चौहान
जिला मंडी के बल्ह हलके में बरसात की पहली बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। यहां करीब 200 बीघा भूमि जलमग्न हो गई है। लोगों के घरों में पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है। कई मकान गिरने के कगार पर हैं।
फोरलेन निर्माण के कारण नालियां अवरुद्ध होने से बारिश का पानी लोगों के खेतों व घरों में घुस गया है। जलभराव से टमाटर व सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के लोगों ने पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने पर मनाली चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर डडौर चौक पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
नौलखा से डडौर तक फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन पानी निकासी की नालियां पूरी तरह से नहीं बन पाई हैं। डडौर चौक से कुछ दूरी तक नालियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। कनैड व भौर क्षेत्र का सारा पानी फोरलेन से हाेता हुआ डडौर पहुंच रहा है। इससे यहां पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है।
तीन दिन पहले ही एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर फोरलेन का निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी को पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे, लेकिन उन आदेशों पर कोई अमल नहीं हुआ।जलभराव के कारण यहां फोरलेन किनारे बिजली बोर्ड का सब स्टेशन भी डूबने के कगार पर पहुंच गया है।
पानी ट्रांसफार्मर के स्विच बाक्स तक पहुंचने को आतुर है। इससे यहां बड़ा हादसा पेश आ सकता है। बिजली बोर्ड सुंदरनगर मंडल के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता विकास शर्मा ने मंगलवार को सब स्टेशन के पास नालियां बनाने का कंस्ट्रक्शन कंपनी से आग्रह किया था,लेकिन कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। आने वाले दिनों में यहां स्थिति और नाजुक हो सकती है।
उपायुक्त मंडी के बोल
उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी का कहना है कि एनएचएआइ के अधिकारियों को डडौर में पानी निकासी की तुरंत उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई सुधार नहीं हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
