
सोलन – जीवन वर्मा
हिमाचल प्रदेश विजिलेंस की टीम ने सोलन में आधी रात को होटल में दबिश देकर एमवीआइ (मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर) को पांच लाख 70 हजार रुपये समेत पकड़ा है। विजिलेंस ने एमवीआइ समीर दत्ता को कैश समेत दबोच लिया। इसके अलावा एजेंट दिनेश ठाकुर को भी पकड़ा है।
बताया जा रहा है वह ट्रक आपरेटर से पासिंग की एवज में पैसे लेता था। विजिलेंस शिमला एसपी अंजुम आरा ने पुष्टि की है। सोलन के एक निजी होटल में एजेंट के माध्यम से यह डील हो रही थी। नवंबर 2021 में भी विजिलेंस टीम ने एक एमवीआइ को दो एजेंट के साथ गिरफ्तार किया गया था।
विजिलेंस टीम गुप्त सूचना व शिकायत के आधार पर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करती रहती है। राजस्व, पुलिस व परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार के ज्यादा मामले सामने आते रहते हैं। विजिलेंस टीम आए दिन शिकायत व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई अमल में लाती है।
