अवैध कटान मामला: जिला चंबा में देवदार के सैकड़ों पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी

--Advertisement--

Image

चम्बा- भूषण गुरुंग

जिला चम्बा के विकास खंड सलूणी के बाड़का जंगल में हुए अवैध कटान में अब तक विभाग ने काटे गए 778 पेड़ों की गिनती की है। इनमें से कुछ पेड़ बर्फबारी में तो कुछ टीडी के तहत काटे गए बताए जा रहे हैं। कुछ पेड़ों को अवैध रूप से भी काटा गया है। इन सभी पेड़ों के ठूंठ बरामद हुए हैं।

कटे हुए पेड़ों की गिनती करने की जिम्मेदारी वनमंडल चुराह को दी गई है। अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर इसकी लिखित रिपोर्ट बनाकर मुख्य वन अरण्यपाल के पास पेश करनी होगी। उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में विभाग संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारी, बीट अफसर और वन रक्षक को निलंबित कर चुका है। इस मामले की शुरुआती जांच का जिम्मा सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) भरमौर को सौंपा गया था।

इसमें विभागीय टीम ने नौ लोगों को अपने शक के दायरे में लिया था। उनके घरों की तलाशी करने के लिए सर्च वारंट भी जार किए गए। इसमें सर्च करने पर विभाग ने पांच लोगों से 80 देवदार के स्लीपर भी बरामद किए हैं। अन्य लोगों के घरों की भी तलाशी की जा रही है।

गौरतलब है कि बाड़का बीट के जंगल में देवदार के पेड़ों का अवैध कटान होने की शिकायत स्थानीय निवासी ने कुछ दिन पहले जिला प्रशासन और मुख्य वन अरण्यपाल के पास की थी। इसकी जांच करने के लिए विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया।

टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट में पेड़ों के कटे होने का हवाला दिया था। उसके तुरंत बाद संबंधित स्टाफ को वहां से हटा दिया गया। अब विभाग ने वनमंडलाधिकारी को इस मामले की निष्पक्ष जांच करने का जिम्मा सौंपा है।

क्या कहते है अधिकारी

मुख्य वन अरण्यपाल एचके सरवटा ने बताया कि अवैध कटान मामले में विभाग की टीम ने पांच लोगों से 80 देवदार के स्लीपर बरामद किए हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। इसमें जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

हिमाचल के निजी-सरकारी स्कूलों पर शिकंजा, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश

हिमखबर डेस्क  हिमाचल प्रदेश के कई निजी स्कूलों सहित सरकारी...