हिमाचल के शाहपुर में नौकरी के लिए निकले विकास की खाई में गिरने से मौत हो गई, हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
शाहपुर – नितिश पठानियां
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भनियार निवासी 32 वर्षीय विकास कुमार की खाई में गिरने से मौत हो गई। वह बुधवार सुबह नौकरी के सिलसिले में नगरोटा सूरियां के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात उसका शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर चमडेरा गांव के पास गहरी खाई में मिला। शव के नजदीक उसकी क्षतिग्रस्त बाइक और हेलमेट भी बरामद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चमडेरा गांव के पास की है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विकास कुमार, निवासी भनियार, विधानसभा शाहपुर के रूप में हुई है। वह नगरोटा सूरियां में फोरलेन निर्माण कार्य में जुटी एक कंपनी में कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि विकास दशहरा मनाने घर आया हुआ था और बुधवार सुबह वापस ड्यूटी के लिए निकला था। शाम तक काम पर न पहुंचने और लगातार फोन न उठने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया।
मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की गई। देर रात घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर चमडेरा गांव के समीप खाई में क्षतिग्रस्त बाइक के साथ विकास का शव मिला। इसके बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया।
2 मासूम बेटियां के सिर से उठा पिता का साया
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाी में जुट गई है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बेटियां और अपनी मां को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।

