
चम्बा- भूषण गुरुंग
जिला रोजगार कार्यालय चंबा में बुधवार को कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया गया। कैंपस साक्षात्कार में एमएस ब्लू स्टार लिमिटेड काला अंब जिला सिरमौर की कंपनी के अधिकारियों ने युवाओं के साक्षात्कार लिए। साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लेने जिला भर के विभिन्न क्षेत्रों से 85 बेरोजगार युवा पहुंचे। इनमें से 40 युवाओं का चयन किया गया।
कंपनी ने ऑपरेटरों के साथ करीब 60 पद भरने थे, लेकिन कुछ बेरोजगार कंपनी के सवालों के जवाब भी नहीं दे पाए। इसलिए इन युवाओं को कंपनी ने चयनित नहीं किया।
जानकारी के अनुसार कंपनी की ओर से चयनित युवाओं को 13,500 रुपये वेतन दिया जाएगा। साक्षात्कार के बाद कंपनी की ओर से चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद चयनित युवाओं को कंपनी में जाकर ज्वाइन करना होगा।
जिला रोजगार अधिकारी चंबा अरविंद चौहान ने बताया कि कंपनी ने 40 युवाओं का चयन किया है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से समय-समय पर कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाता है, ताकि जिले के बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिल सके। भविष्य में भी इस तरह के कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
