शिमला – रजनीश ठाकुर
प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू आगामी 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में प्रदेश के नए डीजीपी को लेकर अंदरखाते चर्चाएं शुुरू हो गई हैं। देखा जाए तो यदि सरकार द्वारा वरिष्ठता को दरकिनार नहीं किया जाता है तो वर्ष 1989 बैच के आईपीएस डीजी जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं एसआर ओझा को प्रदेश पुलिस का नया मुखिया बनाया जा सकता है।
हालांकि उनसे वरिष्ठ 1988 बैच के आईपीएस तपन कुमार डेका हैं लेकिन वह भी आगामी 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। हाल ही में डीजीपी कुंडू के छुट्टी जाने पर सरकार ने एसआर ओझा को ही 13 दिनों के लिए डीजीपी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा था।
ओझा 5 माह पहले ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे हैं। वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सीआरपीएफ में एडीजीपी के पद पर तैनात थे। ओझा के बाद वरिष्ठता में वर्ष 1990 बैच के आईपीएस श्याम भगत नेगी का नाम आता है। उनके बाद वरिष्ठता सूची में 1991 बैच के आईपीएस डाॅ. अतुल वर्मा, 1993 बैच के अनुराग गर्ग, अशोक तिवारी और ऋत्विक रुद्रा का नाम आता है।
प्रदेश में भी लोकसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगी हुई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार की तरफ से नए डीजीपी की तैनाती को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग से मंजूरी ली जाएगी। चुनावी प्रकिया को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने में पुलिस का अहम रोल होता है। ऐसे में इस पद को ज्यादा समय के लिए खाली नहीं रखा जा सकता है।

