
काँगड़ा-राजीव जस्वाल
हिमाचल सरकार की हेल्थ केयर योजना के तहत हिमकेयर कार्ड का पंजीकरण पहली जनवरी, 2022 से शुरू होगा। यह पंजीकरण 31 मार्च तक चलता रहेगा। इस दौरान प्रदेशवासी योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के फ्री इलाज के लिए अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने प्रदेश के लोगों से आग्रह किया है कि योजना के अंतर्गत पंजीकरण-नवीनीकरण करवाएं ताकि बीमारी के समय उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिमाचल में जो परिवार आयुष्मान भारत में कवर नहीं है उनके लिए प्रदेश ने मुुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थ केयर योजना हिमकेयर का शुभारंभ वर्ष 2019 को किया था। इस योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने पर पांच लाख रुपये तक नि:शुल्क इलाज की सुविधा का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में योजलना के तहत 5.13 लाख परिवार शामिल हैं और 222 अस्पताल पंजीकृत हैं, जिनमें से 85 निजी अस्पताल हैं। इस योजना के अंतर्गत 2.07 लाख लाभार्थियों ने 187.87 करोड़ रुपये से अधिक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा का लाभ प्राप्त कर लिया है।
कांगड़ा जिला से संबंध रखने वाली सरोज कुमारी का आइजीएमसी शिमला में हिमकेयर योजना के अंतर्गत नि:शुल्क इलाज किया गया, जिससे उन्हें एक नई जिंदगी मिली। इनका कहना है कि अगर इनके पास हिमकेयर कार्ड न होता तो शायद इन्हें अपना मकान व जमीन बेचना पड़ता।
इतनी है कार्ड की अवधि
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि लाभार्थी पॉलिसी अवधि पूरी होने अर्थात 365 दिन की अवधि पूरी होने पर नवीनीकरण करवा सकते हैं। यही नहीं, लाभार्थी विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी स्वयं पंजीकरण-नवीनीकरण कर सकते हैं।
