
शिमला- जसपाल ठाकुर
राज्य बिजली बोर्ड में तैनात जूनियर टी मेट अब चार के बजाय तीन साल में पदोन्नत होकर टी मेट बन जाएंगे। मंगलवार को शिमला में हुई बोर्ड आफ डायरेक्टर (बीओडी) की बैठक में कर्मचारियों को यह राहत दी है। 1000 से अधिक पद भरने को भी स्वीकृति दी गई है।
बोर्ड में एसडीओ के 80 खाली पदों को सीधी भर्ती से भरा जाएगा। बिजली बोर्ड के अध्यक्ष आरडी धीमान की अध्यक्षता में हुई बैठक में 650 तकनीकी कर्मचारियों के पद भरने का फैसला लिया है। लंबे समय से खाली पड़े स्टेनो और क्लर्क के पदों को भरने को भी स्वीकृति दी है।
इनके करीब 70 पद भरे जाने हैं। जितने भी 33 केवी के ट्रांसफार्मर हैं, वहां पर जेई से लेकर हेल्पर तक के खाली पद को भरने का भी फैसला लिया है। इनकी संख्या करीब 150 की जा रही है। इसी तरह से 50 पद जो चालकों के पहले विज्ञापित किए थे, अब इनकी संख्या को 100 किया है। बिजली बोर्ड में खाली पदों को भरने की मांग कर्मचारी लंबे समय तक कर रहे थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी नई भर्ती करने का आश्वासन दिया था।
