
ब्यूरो – रिपोर्ट
आयुष विभाग के अधिकारियों को योग प्रशिक्षक लगाने के लिए कई सिफारिश मिल रही हैं। सवाल यह कि ऐसे लोग कितना योग करवाएंगे ओर लोग कैसे स्वस्थ हो पाएंगे।
आयुष विभाग ने नियुक्ति के झमेले से बचने के लिए बेशक चयन प्रक्रिया को आउटसोर्स कर दिया है, लेकिन सिफारिशें कम नहीं हो रही हैं। यह काम शिमला के टुटू स्थित वी ईगल कंपनी को सौंपा गया है।
प्रदेश सरकार की ओर से पहले चरण में 240 और दूसरे चरण में 500 पद अधिसूचित किए हैं। ये 740 योग प्रशिक्षक आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों के तहत काम करेंगे। प्रत्येक वेलनेस केंद्र के आसपास हर्बल गार्डन विकसित किया जाएगा।
महिलाओं से अधिक घंटे काम करेंगे पुरुष
नियम बनाया गया है कि वेलनेस केंद्र में योग प्रशिक्षक के तौर पर नियुक्त होने वाले पुरुष एक माह 32 घंटे और सप्ताह में चार दिन काम करेंगे और महिला 16 से 20 घंटे। महिला सप्ताह में दो दिन काम करेगी।
इन्हें प्रति घंटा काम करने के लिए 200 रुपये मानदेय मिलेगा। योग प्रशिक्षक रखने की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हो गई थी। योग प्रशिक्षक बनने के लिए योग की डिग्री, डिप्लोमा या फिर 200 से 300 घंटे तक योग शिविर में प्रशिक्षण जरूरी है।
गांव में जाकर योग सिखाएंगे
नियुक्त होने वाले योग प्रशिक्षक गांव-गांव में जाकर लोगों को सुबह दो घंटे और शाम को एक घंटा योग करवाएंगे। इसके अतिरिक्त वेलनेस केंद्र में पंचकर्म व क्षार सूत्र करवाना होगा।
महिला योग प्रशिक्षक वेलनेस केंद्र में ही काम करेंगी, जबकि पुरुषों को 12 घंटे पंचायत या आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास काम करना पड़ेगा। महिला मंडलों की ओर से महिलाओं को योग सिखाने की मांग आने की स्थिति में ही महिला योग प्रशिक्षक केंद्र से बाहर जाएंगी।
इनके अधीन होंगे योग प्रशिक्षक
योग प्रशिक्षक आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के अधीन होंगे। एएमओ की स्वीकृति के आधार पर ही हर माह योग प्रशिक्षकों को मानदेय प्राप्त होगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
वी इगल कंपनी टुटू शिमला के एलआर शर्मा का कहना है मेरा काम तो फोन कर सूचित करना है। मुझे लिस्ट मिलती है, जिसके अनुसार चयनित योग प्रशिक्षक को जानकारी देता हूं। मुझे नहीं पता योग प्रशिक्षकों का चयन किस आधार पर होता है।
सचिव आयुष विभाग राजीव शर्मा का कहना है गांव के लोगों को नियमित योग करवाने के लिए प्रशिक्षक रखे जा रहे हैं। यह कार्य आउटसोर्स किया गया है। अभी पर्याप्त संख्या में योग प्रशिक्षक नहीं मिल रहे हैं।
