शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से बारिश-बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए बारिश का अनुमान जताया है. 16 से 18 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को झटका लग सकता है. क्योंकि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 17 मई को इंडियम प्रीमियर लीग का मुकाबला खेला जाना है.
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच यह मैच खेला जाएगा, लेकिन बारिश खलल डाल सकती है. बता दें कि इससे पहले, धर्मशाला में आयोजित 2 मुकाबले भी बारिश की वजह से धुल चुके हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 12 घंटे में हिमाचल प्रदेश के चंबा के भरमौर में 5 एमएम और कुल्लू के भुंतर में 1 एमएम बारिश हुई है. इसके अलावा, प्रदेश भर में आंधी तूफान भी देखने को मिला है.
हालांकि, हिमाचल में मैदानी जिलों में जमकर गर्मी पड़ रही है. ऊना में पारा 40.8 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, केलांग में न्यूनतम पारा 1.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.
5 दिन बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 16 से 18 मई तक मध्य पर्वतीय और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है. 19 और 20 मई को भी हल्की बारिश होने का अनुमान है. लेकिन इन दो दिनों के लिए अलर्ट नहीं रहेगा.

