हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सात और आठ फरवरी को प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि आठ फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम प्रभावित होने की संभावना है।
नौ फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है। दस और 11 फरवरी को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
विभाग ने वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग शिमला द्वारा जार पूर्वानुमान के तहत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढऩे और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं शुक्रवार को प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहा। अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर धूप खिलने से तापमान में दो से तीन डिग्री तक उछाल आया है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली है। आने वाले दिनों में भी तापमान में उछाल आने की संभावना है।

