
ज्वालामुखी – शीतल शर्मा
सरकार द्वारा चलाए जा रहे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान सफल होता नहीं दिख रहा। खुंडियां तहसील की लगड़ू उपतहसील के हरदीपपुर क्षेत्र की एक लड़की के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की, पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
लेकिन आरोपित युवक दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। हालांकि देहरा न्यायालय में लड़की के बयान भी कलमबद्ध हो चुके हैं।
घटना 26 मई 2022 की है, जब पीड़िता शाम के समय कालेज से अपने घर जा रही थी। सुनसान जगह पर पहले से ही घात लगाए बैठे युवक ने लड़की को गलत नियत से पकड़ लिया। लड़की ने इस युवक का मुकाबला कर इसके चंगुल से छूटकर अपनी जान बचाई।
पीड़िता के चाचा ने बताया लड़की अपने साथ घटी इस घटना से इतनी डर गई है कि वह कालेज में अकेली जाने से मना कर रही है। पीड़ित लड़की के स्वजन उसके साथ जाकर खुंडियां कालेज में पेपर दिलवा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार तथा लड़की को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है।
यह बोले डीएसपी चंद्रपाल
ज्वालामुखी के डीएसपी चंद्रपाल सिंह का कहना है कि आरोपित युवक को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा और उस के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
