
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए) लाइब्रेरी के पद भरने की मांग तेज हो गई है। शिमला में राज्य बेरोजगार लाइब्रेरियन संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
संघ ने कहा कि जेओए लाइब्रेरी के 771 पद भरने की घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में की थी। 2008 से इन पदों पर भर्ती ही नहीं हुई है। संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन पदों पर भर्ती शुरू की जाए।
संघ की सदस्य अनुपमा, उज्ज्वल कुमार, मीना देवी, सुमंगला राणा, शीला देवी, मीनाक्षी, विक्की आदि ने कहा कि पहले लाइब्रेरी असिस्टेंट के पद पर भर्ती होती थी, लेकिन अब इस पोस्ट को डाइंग कैडर में डाल दिया गया।
भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को बदल दिया है। संघ ने मांग की है कि 50-50 प्रतिशत के आधार पर कमीशन और बैचवाइज आधार पर भर्ती निकाली जाए। 25 साल से लगातार अभ्यर्थी यह मांग उठा रहे हैं।
भर्ती नहीं होने से करीब 30 हजार डिप्लोमाधारक बेरोजगार हैं। सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। इससे पहले भी सरकार को कई बार ज्ञापन सौंपे हैं। इसमें जमा दो के बाद किए गए डिप्लोमा को भी मान्य करने की मांग की जा रही है।
संघ का कहना है कि कई स्कूलों में लाइब्रेरियन के पद खाली चल रहे हैं। कई बेरोजगार तो नौकरी के इंतजार में अपनी आयु सीमा भी पूरी कर चुके हैं।
