हिमखबर डेस्क
पर्यटन सीजन शुरू होते ही हवाई किराया आसमान छूने लगा है। 15 अप्रैल से शुरू हो रहे पर्यटन सीजन को लेकर हवाई टिकट के दाम बढ़ने लगे हैं। दिल्ली से धर्मशाला आने वाले यात्रियों को हवाई किराये के तौर पर सर्वाधिक 27,150 रुपये खर्च करने होंगे।
ऑनलाइन बुकिंग साइट पर गुरुवार को जारी शेड्यूल के तहत 15 अप्रैल को दिल्ली से धर्मशाला के लिए तीन उड़ानें दर्शाई गई हैं।इनमें सुबह 6 बजे दिल्ली से चलने वाली स्पाइस जेट कंपनी की हवाई सेवा के टिकट के प्रति व्यक्ति 20,052 रुपये खर्च करने होंगे।

वहीं, दिल्ली से सुबह 6:50 बजे चलने वाली इंडिगो विमान कंपनी की हवाई सेवा के एक टिकट के 22,832 रुपये खर्च करने होंगे। सुबह 9:55 बजे दिल्ली से धर्मशाला आने वाली स्पाइस जेट की उड़ान में प्रति व्यक्ति किराया 27,150 रुपये दर्शाया गया है।
मौजूदा समय में इंडिगो कंपनी की सुबह 6:50 बजे दिल्ली से चलने हवाई सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 19,839, 9:40 बजे चलने वाली स्पाइसजेट कंपनी की हवाई सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 20,036 रुपये है।
स्पाइसजेट कंपनी का 1:25 बजे दिल्ली-धर्मशाला के बीच हवाई सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 18,065 रुपये दर्शाया गया है।

