शिमला – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पूर्व आईएएस अधिकारी अमिताभ अवस्थी के बेटे ने सोमवार को रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिमला स्थित ब्राकहास्ट में उनके आवास में पूर्व आईएएस अधिकारी के बेटे मुदित का शव लटका पाया गया।
मृतक की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। युवक ने कदम क्यों उठाया, इसकी पुष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मौके से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस सहित फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित कर रही है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की तफ्तीश जारी है। घटना छोटा शिमला थाना क्षेत्र की है। अमिताभ अवस्थी छोटा शिमला के ब्रॉकहॉस्ट में रहते हैं। उनके बेटे ने घर पर सुसाइड किया है। अमिताभ अवस्थी कांगड़ा जिला के मूल निवासी हैं। अमिताभ अवस्थी बीते साल 23 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के दौरान अवस्थी घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही है।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी के बोल
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि आत्महत्या के मामले की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर छानबीन कर रही है।

