
जब तक आग लगने का पता चला, तब तक दुकान की सारी सीलिंग जल चुकी थी तथा दुकान के अंदर रखे बर्तन और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ चुका था।
हमीरपुर – अनिल कपलेश
हमीरपुर जिला के विकास खंड बिझड़ी की जमली पंचायत में मंगलवार को हार्डवेयर की एक दुकान में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक आग लगने का पता चला, तब तक दुकान की सारी सीलिंग जल चुकी थी तथा दुकान के अंदर रखे बर्तन और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ चुका था।
इस घटना में लगभग 3 से 4 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। गनीमत यह रही कि हार्डवेयर की दुकान के अंदर रखीं तारपीन की बोतलों और ड्रम ने आग नहीं पकड़ी अन्यथा साथ लगतीं दुकानें भी आग की चपेट में आ सकती थीं।
घटना का पता तब चला जब साथ लगती चाय वाली दुकान के दुकानदार ने दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखा। उसने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। दुकान मालिक के पहुंचने और दुकान का शटर खोलने तक लाखों रुपए का नुक्सान हो चुका था।
इसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया। वहीं हलका पटवारी ने नुक्सान का जायजा लेकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
