
सात स्कूलों पर लटक रही डिनोटिफिकेशन की तलवार, तीन मिडल-चार हाई स्कूल अपग्रेड
हमीरपुर – अनिल कपलेश
लगता है कि हिमाचल में सरकार और शिक्षा विभाग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया करवाने के लिए हद से ज्यादा ही गंभीर हो गया है। तभी तो दो-दो छात्रों को पढ़ाने लिए के लिए नौ-नौ शिक्षक तैनात किए जा रहे हैं।
जिला हमीरपुर में हाल ही में अपग्रेड किए गए कुछ स्कूलों के हालात देखकर तो ऐसा ही लग रहा है। हालात यह हैं कि दो छात्रों के लिए नौ अध्यापकों और चार छात्रों के लिए आठ अध्यापकों को तैनात किया गया है। ऐसे में इन स्कूलों पर डिनोटिफिकेशन का खतरा मंडरा रहा है।
गौर हो कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा खोले गए कई संस्थानों को डिनोटिफाई कर दिया था। सरकार का कहना है कि ऐसे संस्थान जो बिना बजट और स्टाफ के अपग्रेड किए गए या खोले गए थे, सिर्फ उन्हीं को डिनोटिफाई किया गया है।
अब हमीरपुर जिला के आधा दर्जन से अधिक स्कूलों पर डिनोटिफिकेशन का खतरा मंडरा रहा है।
प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग से पूर्व भाजपा सरकार द्वारा आखिरी समय में अपगे्रड स्कूलों का ब्यौरा मांगा है, ताकि खोले व अपग्रेड किए गए स्कूलों में वर्तमान में क्या स्थिति है।
शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों की यथास्थिति के बारे में प्रदेश सरकार को अवगत करवा दिया है। प्रदेश सरकार इन स्कूलों पर जल्द ही कोई फैसला ले सकती है।
बता दें कि पूर्व भाजपा सरकार ने आखिरी समय में हमीरपुर जिला के सात स्कूलों को अपग्रेड किया है। इनमें तीन स्कूल मिडल व चार हाई स्कूल अपग्रेड किए गए हैं।
अपग्रेड स्कूलों में कहीं दो, तो कहीं पर चार छात्रों ने एडमिशन ले रखी है। अपग्रेड किए गए स्कूलों की बात करें, तो राजकीय उच्च पाठशाला जोल में नौवीं कक्षा में दो छात्रों ने एडमिशन ली है और तीन अध्यापक उन्हें पढ़ा रहे हैं।
इसी तरह राजकीय उच्च पाठशाला नगरोटा गाजियां में नौवीं कक्षा में छह छात्र दाखिल हुए हैं और तीन अध्यापक छात्रों को शिक्षा मुहैया करवा रहे हैं और राजकीय उच्च पाठशाला खरतवाड़ में नौवीं कक्षा में 13 छात्रों ने दाखिला लिया है और चार अध्यापक पढ़ा रहे हैं।
इसी तरह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरठियाण में जमा एक कक्षा में दो छात्रों को नौ प्राध्यापक शिक्षा मुहैया करवा रहे हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुद्दर महादेव में जमा एक कक्षा में दो छात्रों को छह प्राध्यापक पढ़ा रहे हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पन्साई में जमा एक कक्षा में चार छात्रों को आठ प्राध्यापक शिक्षा दे रहे हैं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पैरवीं में जमा एक कक्षा में 10 छात्रों ने दाखिला लिया है और छह प्राध्यापक उन्हें पढ़ा रहे हैं।
अपग्रेड स्कूलों में नई भर्ती के तहत पद नहीं भरे गए हैं, बल्कि ये सभी अध्यापक दूसरे स्कूलों से शिफ्ट किए गए हैं। ऐसे में जिन स्कूलों से यह स्टाफ शिफ्ट हुआ है, उन स्कूलों में संबंधित पद रिक्त पड़ गए हैं।
अपग्रेड स्कूलों के हाल
जिला के अपग्रेड स्कूलों में छठी से दसवीं या फिर 12वीं तक के छात्रों और अध्यापकों पर नजर दौड़ाई जाए, तो राजकीय उच्च पाठशाला जोल में 18 बच्चे और नौ अध्यापक,
राजकीय उच्च पाठशाला खरतवाड़ में 47 बच्चे और 10 अध्यापक, राजकीय उच्च पाठशाला नगरोटा गाजियां में 60 बच्चे और 10 अध्यापक,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पैरवीं में 68 बच्चे और 14 अध्यापक,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पन्साई में 120 बच्चे और 19 अध्यापक,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुद्दर महादेव में 102 बच्चे और 17 अध्यापक और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरठियाण में 154 छात्र और 21 अध्यापक वर्तमान समय में छात्रों को शिक्षा मुहैया करवा रहे हैं।
